अहलेबैत न्यूज़ एजेंसी अबना: अमेरिकी पत्रिका फॉरेन पॉलिसी ने संयुक्त राष्ट्र के एक सीनियर अधिकारी के हवाले से लिखा है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने सऊदी अरब के अधिकारियों के नाम अपने एक पत्र में धमकी दी है कि वह सऊदी का नाम एक बार फिर बच्चों के हत्यारे और उनके अधिकारों का उल्लंघन करने वाले देशों की सूची में शामिल करेंगे। फॉरेन पॉलिसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि बान की मून ने यह धमकी, उत्तरी यमन के सअदा प्रांत के हैरान शहर में पिछले सप्ताह एक स्कूल पर सऊदी बमबारी के बाद दी है कि जिससे इस स्कूल के दस बच्चे शहीद और लगभग अट्ठाईस घायल हो गए थे।
डॉक्टरों के अंतरराष्ट्रीय कल्याणकारी संगठन ने भी सऊदी गठबंधन के लड़ाकू विमानों की बमबारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि यह संगठन अपने कार्यकर्ताओं को उत्तरी यमन में स्थित छह अस्पतालों से निकाल लेगा। गौरतलब है कि सऊदी अरब पिछले सत्रह महीनों से पश्चिमी देशों की मदद से यमन के लोगों के विरूद्ध थल और हवाई हमले कर रहा है। इन हमलों में अब तक हजारों यमनी शहीद, घायल और बेघर हो चुके हैं।